पाकिस्तानी रक्षा मंत्री बोले – इजराइल कैंसर की तरह है : अमेरिका-ईरान शांति वार्ता से पहले इजराइल और पाकिस्तान के बीच विवाद बढ़ गया है। इसकी शुरुआत तब हुई जब पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इजराइल पर लेबनान में नरसंहार करने का आरोप लगाया। आसिफ ने कहा-
“इजराइल बुराई का प्रतीक है और मानवता के लिए अभिशाप है। इस्लामाबाद में शांति वार्ता चल रही है, वहीं लेबनान में नरसंहार हो रहा है। इजराइल निर्दोषों को मार रहा है, पहले गाजा में, फिर ईरान में और अब लेबनान में। मेरी दुआ है कि जिन लोगों ने इस देश को बनाया वे नरक में जलें।“
इजराइल के पीएम ऑफिस ने आसिफ के बयान को आपत्तिजनक बताया। उन्होंने कहा कि यह बयान इजराइल को खत्म करने की मांग जैसा है। इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता, खासकर उस देश से जो खुद को शांति वार्ता का मध्यस्थ बता रहा हो। इजराइल की प्रतिक्रिया के बाद ख्वाजा आसिफ ने पोस्ट हटा दी।
दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच शनिवार को सीजफायर को लेकर अहम बातचीत होने वाली है। रॉयटर्स के मुताबिक यह वार्ता पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में होगी।