MP-यूपी समेत 5 राज्यों में बारिश का अलर्ट : देश के पांच राज्यों में अगले तीन दिन मौसम में बदलाव रहेगा। मध्य प्रदेश के 30 और उत्तर प्रदेश के 40 जिलों में आज बारिश का अलर्ट है। बुधवार को उत्तर प्रदेश के लखनऊ और अमेठी समेत 20 शहरों में बारिश हुई।
दिल्ली में गुरुवार सुबह बादल छाए रहे। इधर, राजस्थान में 2 अप्रैल से फिर एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव होगा। इससे एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने का अलर्ट है। राज्य में पिछले 24 घंटे में 10 जिलों के मौसम में दोपहर बाद बदलाव देखने को मिला।
हरियाणा में बारिश और ओले गिरने से 7 जिलों में फसलों को नुकसान पहुंचा। वहीं 100 गांवों में गेहूं, सरसों और चने की खड़ी फसलें खराब हो गईं।
उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग की सोनप्रयाग घाटी में ओले गिरे और केदारघाटी में बारिश हुई। वहीं जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह घाटी के ऊपरी इलाकों में ताजा बर्फबारी के बाद पर्यटक पहुंचने लगे हैं।