Jhunjhunu Navy Jawan Poonamchand Mehra – राजस्थान के झुंझुनूं जिले के ककराना गांव में एक ऐसा हृदयविदारक दृश्य देखने को मिला जिसे शायद यह गांव कभी नहीं भूल पाएगा। मुंबई में संदिग्ध परिस्थितियों में जान गंवाने वाले नौसेना जवान पूर्णमल मेहरा, उनकी पत्नी ओमा मेहरा, 3 साल के मासूम बेटे यश और महज 3 महीने की बेटी की पार्थिव देह जब ककराना गांव पहुंची तो हर तरफ सन्नाटा और चीख-पुकार मच गई….
Contents
जिस घर में कुछ महीने पहले ही बेटी के जन्म की खुशियां मनाई गई थीं, उसी घर से एक साथ चार अर्थियां निकाली गईं। पूरे गांव में मातम का माहौल था और हर किसी की आंखें नम थीं।
सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
गूंढा गौड़जी थाने से सेना के विशेष वाहन में चारों पार्थिव देह को गांव लाया गया। ग्रामीणों ने नम आंखों के साथ तिरंगा यात्रा निकालकर अंतिम यात्रा में भाग लिया। नौसेना की टुकड़ी ने जवान पूर्णमल मेहरा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया और इसके बाद सेना के अधिकारियों ने पूर्णमल के पिता शंभू दयाल मेहरा को तिरंगा सौंपा।
इसके उपरांत, पूनमल और उनकी पत्नी ओमा का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया, जबकि पूर्णमल के छोटे भाई मुकेश कुमार ने मुखाग्नि दी। दोनों मासूम बच्चों का अलग से अंतिम संस्कार किया गया।
मुंबई के हाई सिक्योरिटी नेवी नगर में मिला था परिवार
2015 में नौसेना में भर्ती हुए जवान पूर्णमल मेहरा 15 अगस्त को मुंबई के हाई सिक्योरिटी नेवी नगर स्थित अपने सरकारी आवास में मृत पाए गए थे। परिजनों ने बताया कि घटना से तीन दिन पहले तक फोन पर बात हुई थी, लेकिन बाद में लगातार कॉल करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला।
जब दरवाजा खोला गया तो कमरे के अंदर जवान, उनकी पत्नी और दोनों मासूम बच्चों के शव मिले। पुलिस के मुताबिक, पूरणमल का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी ओमा और तीन साल के बेटे यश के साथ दो महीने की बेटी के शव बेड पर मिले।
पुलिस जांच में जुटी, सुसाइड नोट नहीं मिला
घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव, जहर देने या सेवन करने जैसे सभी संभावित एंगलों से हत्या और आत्महत्या के दृष्टिकोण को ध्यान में रखकर गहन जांच कर रही है।
फिलहाल किसी बाहरी व्यक्ति के शामिल होने के सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन मामले में कई सवाल अब भी अनसुलझे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्या खुलासा हुआ?
मुंबई मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम की प्राथमिक रिपोर्ट में संकेत मिले हैं कि नौसेना जवान पूरणमल मेहरा ने अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या करने के बाद खुद को फंदे से लटका लिया। पुलिस अब हत्या का मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस का मानना है कि मेहरा ने 14 अगस्त को अपने परिवार की हत्या की, सबूत मिटाए, और फिर 15 अगस्त को खुद को फंदे से लटका लिया।
नौसेना की प्रतिक्रिया
भारतीय नौसेना ने एक बयान में कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। नौसेना अधिकारियों ने कहा कि वे पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।
नौसेना ने पुष्टि की कि मृतकों की पहचान और मौत के कारण पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होंगे।
निष्कर्ष
झुंझुनूं के ककराना गांव में एक साथ चार अर्थियां उठने का यह दृश्य हर किसी को झकझोर देने वाला था। एक नौसेना जवान, उनकी पत्नी और दो मासूम बच्चों की इस तरह की मौत ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी।
अब पुलिस और नौसेना की संयुक्त जांच से यह स्पष्ट होना बाकी है कि आखिर इस हादसे की वजह क्या थी। क्या यह आत्महत्या थी या हत्या-आत्महत्या का मामला? पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट ही इस रहस्य को सुलझा पाएंगी।
