पहलगाम में 75% घटे टूरिस्ट – पहलगाम की बैसरन घाटी। हरी वादियों और घास के मैदानों से आबाद। कश्मीर आने वाले टूरिस्ट यहां जरूर आते थे। ठीक एक साल पहले 22 अप्रैल को भी आए थे। तभी जंगल की तरफ से तीन आतंकी आए और 13 मिनट में 26 लोगों का कत्ल कर दिया। बैसरन घाटी वीरान हो गई। पूरा साल बीत गया, लेकिन वीरानी अब भी है। यहां अब पहले जैसे टूरिस्ट नहीं आते। लोगों को घाटी घुमाने वाले गाइड बर्बाद हो गए। उनके घोड़े और गाड़ियां तक बिक गईं।
पहलगाम में अटैक करने वाले तीनों आतंकी मारे गए, भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान से बदला ले लिया, लेकिन बैसरन घाटी में कुछ नहीं बदला। मुंबई की मुनीजा परिवार के साथ कश्मीर घूमने आईं, तो पहलगाम भी पहुंचीं। बैसरन घाटी जाना चाहती थीं, लेकिन नहीं जा पाईं क्योंकि हमले के बाद घाटी दोबारा खुली ही नहीं।
हमले के बाद कश्मीर में 48 टूरिस्ट स्पॉट बंद किए गए थे। इनमें 42 दोबारा खुल गए। 6 अब भी बंद हैं। बैसरन घाटी के अलावा चंदनवाणी, गुरेज, अथवटो, बंगस और रामकुंड का सिक्योरिटी रिव्यू हो रहा है। क्लीयरेंस के बाद इन्हें खोला जा सकता है।
आतंकी हमले से पहले अप्रैल, जून और जुलाई में हर दिन 10 हजार से ज्यादा टूरिस्ट पहलगाम आते थे। अब 2000 से 2500 ही आते हैं। अब बैसरन घाटी कब खुलेगी, हमने ये सवाल जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों से पूछा। वे ऑफिशियली बात करने को तैयार नहीं हुए, लेकिन ये बताया कि अभी यहां की सिक्योरिटी देखी जा रही है। क्लीयरेंस मिलने के बाद ही फैसला लिया जाएगा।
Also Read – अमेरिका ने पाकिस्तान की अपील पर एकतरफा सीजफायर बढ़ाया : ट्रम्प बोले- ईरान में एकजुटता नहीं इसलिए वक्त लग रहा
Watch Viral Reels – https://www.instagram.com/factsmedia08